home page

कोकराझार में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

 | 
कोकराझार में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस


कोकराझार में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस


कोकराझार में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस


कोकराझार (असम), 07 मार्च (हि.स.)। कोकराझार के नराबाड़ी स्थित गर्ल्स कॉलेज के ऑडिटोरियम हॉल में आज “गिव टू गेन” थीम के साथ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग, बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के मिशन शक्ति के अंतर्गत संकल्प: हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन द्वारा ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ पहल के तहत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में महिलाओं के योगदान को सम्मानित करना था।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग, बीटीसी की सचिव पामी ब्रह्म मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिला दिवस की भावना केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, अवसर और समान भागीदारी के रूप में प्रतिदिन दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने उन महिलाओं के संघर्ष और योगदान को याद किया, जिन्होंने वर्षों तक महिलाओं के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी और जिनके प्रयासों से आज महिलाओं के लिए अनेक नीतियां और अवसर उपलब्ध हो सके हैं।

उन्होंने कहा कि सामाजिक सोच और मानसिक बाधाएं अक्सर महिलाओं को बड़े लक्ष्य हासिल करने से रोकती हैं। उन्होंने महिलाओं से इन सीमाओं को तोड़कर आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने का आह्वान किया। साथ ही छात्राओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ना चाहिए और समाज की अपेक्षाओं को अपनी महत्वाकांक्षाओं की सीमा नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जीवन में चुनौतियां और बाधाएं अवश्य आती हैं, लेकिन मजबूत आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्हें पार किया जा सकता है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों डेजी राभा (वुशु), सिनायती बसुमातारी (ताइक्वांडो अंडर-19) और स्मृति बसुमतारी (ताइक्वांडो अंडर-19) को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न आईसीडीएस परियोजनाओं के प्रतिभागियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और नृत्य प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर गर्ल्स कॉलेज नराबाड़ी के प्राचार्य एवं उप-प्राचार्य, जिला समाज कल्याण अधिकारी, एएसएलआरएम के प्रतिनिधि तथा सीडीपीओ सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा