home page

असम डॉन बॉस्को विश्वविद्यालय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और नवाचार विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का समापन

 | 
असम डॉन बॉस्को विश्वविद्यालय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और नवाचार विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का समापन


गुवाहाटी, 19 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के पश्चिमी छोर पर आजारा स्थित असम डॉन बॉस्को विश्वविद्यालय परिसर में 18 और 19 नवंबर को दो दिवसीय कार्यक्रम के साथ ‘बुद्धिदीप्त भविष्य: कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल विश्वसनीयता, संधारणीयता और वैश्विक नवाचार’ विषय पर एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया।

विश्वविद्यालय के प्रौद्योगिकी स्कूल के कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग द्वारा 'अंतरराष्ट्रीय शिक्षा संस्थान-भारत' के सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन के संयोजक असम डॉन बॉस्को विश्वविद्यालय के कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग के वरिष्ठ सहायक प्रोफेसर डॉ. अमित दत्त और इसी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. लाल ओमेगा बोड़ो थे। सम्मेलन में भारत तथा विदेश के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, उद्योग विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों ने भाग लेकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), साइबर सुरक्षा, डिजिटल विश्वसनीयता, संधारणीय प्रौद्योगिकी, रोबोटिक्स और उभरती हुई प्रौद्योगिकियों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

सम्मेलन में असम डॉन बॉस्को विश्वविद्यालय और 'अंतरराष्ट्रीय शिक्षा संस्थान-भारत' के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय शिक्षा संस्थान-भारत के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विश्वेश्वरैया प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, बेंगलुरु के यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. अश्विन सी. गौड़ा और दभेंगेरे विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान अध्ययन विभाग के प्रोफेसर डॉ. एचपी नागस्वरूपा ने किया।

उद्घाटन समारोह में असम डॉन बॉस्को विश्वविद्यालय के कुलपति फादर डॉ. जोस पालेली, सम-कुलपति फादर जोसेफ नेल्लानाट, विश्वविद्यालय के प्रौद्योगिकी स्कूल के निदेशक प्रोफेसर डॉ. मनोरंजन कलिता और कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग के प्रमुख डॉ. शरत कुमार छेत्री सहित अन्य विशिष्ट व्यक्ति उपस्थित थे। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए कोलकाता के जेआईएस विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नीरज सक्सेना ने सम्मेलन के मुख्य विषय पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में कॉटन विश्वविद्यालय के प्रोफेसर हितेन चौधरी और दभेंगेरे विश्वविद्यालय के डॉ. एचपी नागस्वरूपा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर ‘बुद्धिदीप्त भविष्य: कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल विश्वसनीयता, संधारणीयता और वैश्विक नवाचार’ के शोध-सारांश संकलन का विमोचन किया गया। पहले दिन के कार्यक्रम में शिक्षा, अनुसंधान, नेतृत्व, नवाचार, व्यावसायिक उत्कृष्टता और समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थानों को सम्मानित किया गया। सम्मेलन के तकनीकी सत्रों में दोनों दिन ऑनलाइन और ऑफलाइन मिलाकर कुल 15 तकनीकी सत्र आयोजित किए गए और 100 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर