home page

छठी वाहिनी एसएसबी ने आयोजित किया अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम

 | 
छठी वाहिनी एसएसबी ने आयोजित किया अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम


छठी वाहिनी एसएसबी ने आयोजित किया अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम


कोकराझार (असम), 26 जून (हि.स.)।अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध मादक पदार्थों की तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर आज छठी वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रानीगुली के कमांडेंट रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में वाहिनी मुख्यालय, केरखामुरी बाजार रानीघुली तथा वाहिनी के अधीनस्थ समस्त सीमा चौकियों में नशा मुक्ति एवं अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान एसएसबी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों एवं स्थानीय नागरिकों को नशामुक्त भारत के निर्माण हेतु शपथ दिलाई गई। साथ ही मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों तथा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के दुष्परिणामों के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।

इस अवसर पर छठी वाहिनी द्वारा संदेश में बताया गया कि नशा समाज, परिवार एवं युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। सभी नागरिकों से नशे से दूर रहने, युवाओं को इसके प्रति जागरूक करने तथा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की किसी भी सूचना को तत्काल संबंधित एजेंसियों के साथ साझा करने का आह्वान किया। समाज एवं सुरक्षा बलों के संयुक्त प्रयासों से ही नशामुक्त एवं सुरक्षित भारत का निर्माण संभव किया जा सकता है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा