home page

गौहाटी विश्वविद्यालय में दो दिवसीय अंतर-विश्वविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता आरंभ

 | 
गौहाटी विश्वविद्यालय में दो दिवसीय अंतर-विश्वविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता आरंभ


गौहाटी विश्वविद्यालय में दो दिवसीय अंतर-विश्वविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता आरंभ


-स्वस्थ युवा समाज के निर्माण में खेलों का महत्व अत्यंत महत्वपूर्ण : कुलपति प्रोफेसर ननी गोपाल महंत

गुवाहाटी, 08 मई (हि.स.)। शैक्षिक क्षेत्र के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी उत्कृष्टता प्राप्त करने के उद्देश्य से गौहाटी विश्वविद्यालय के सौजन्य तथा असम सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से शुक्रवार से दो दिवसीय अंतर-विश्वविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।

राज्य के 18 विश्वविद्यालयों के लगभग दो सौ खिलाड़ियों की भागीदारी वाले इस प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए कुलपति प्रोफेसर ननी गोपाल महंत ने वर्तमान समय में शैक्षिक पाठ्यक्रम में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, “आज के समय में शिक्षा के साथ-साथ खेलों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों के समग्र विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन तथा टीम भावना के निर्माण में खेलों की विशेष भूमिका होती है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए गौहाटी विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम में भी खेलों को विशेष महत्व दिया गया है। अंतर-विश्वविद्यालय स्तर की ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक रूप से अधिक सक्षम बनाने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धात्मक मानसिकता विकसित करने में सहायक होती हैं।”

असम सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निदेशक अंकुर भराली ने गौहाटी विश्वविद्यालय के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि, “राज्य में खेल संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे मंच खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा विकसित करने का अवसर प्रदान करने के साथ-साथ भविष्य के बड़े खेल मंचों के लिए तैयार होने में भी सहायता करेंगे।”

पंजीयक प्रोफेसर उत्पल शर्मा ने समय-समय पर आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए युवा कल्याण विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों के बीच सौहार्द, समन्वय तथा स्वस्थ खेल भावना विकसित करने में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं की विशेष भूमिका होती है।

इस उद्घाटन समारोह में विभागों के सचिव प्रोफेसर संजय कुमार सिंह, छात्र कल्याण निदेशक डॉ. रंजन कुमार काकती, उप छात्र कल्याण निदेशक डॉ. कुलदीप पाटगिरि तथा स्नातकोत्तर छात्र संघ के अध्यक्ष गुंजन डेका सहित अनेक प्राध्यापक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर