home page

औद्योगिक विकास के जरिए पांच शीर्ष राज्यों की श्रेणी में पहुंचेगा असम: भाजपा

 | 
औद्योगिक विकास के जरिए पांच शीर्ष राज्यों की श्रेणी में पहुंचेगा असम: भाजपा


गुवाहाटी, 15 जुलाई (हि.स.)। असम के औद्योगिक विकास को राज्य के समग्र आर्थिक परिवर्तन की आधारशिला बताते हुए भाजपा प्रवक्ता डॉ. देवजीत महंत ने कहा कि 10 जुलाई को विधानसभा में पेश बजट में दीर्घकालिक औद्योगिक विकास की स्पष्ट रूपरेखा दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि कोकराझाड़ के रूपसी हवाई अड्डे के विस्तार, पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं और ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश से राज्य की औद्योगिक क्षमता को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बंगाईगांव में मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक पार्क का निर्माण तथा करीब 3,500 करोड़ रुपये की लागत से कोकराझाड़ से भूटान तक 69 किलोमीटर लंबी रेल लाइन परियोजना क्षेत्रीय व्यापार और संपर्क को मजबूत करेगी। बजट में रूपसी हवाई अड्डे को सभी मौसम में संचालन योग्य बनाने तथा पहले चरण में एटीआर-72 और बाद में ए-320 विमानों के संचालन के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे के विकास का भी प्रावधान किया गया है।

डॉ. महंत ने बताया कि सरकार अगले पांच वर्षों में 27,100 करोड़ रुपये के निवेश से 4,900 मेगावाट पंप्ड स्टोरेज क्षमता विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। साथ ही सहकारी समितियों के पंजीकरण की समय-सीमा 60 दिनों से घटाकर 30 दिन करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में केवल स्व-घोषणा के आधार पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) शुरू करने की सुविधा से उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि एडवांटेज असम 2.0 के तहत 285 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) के माध्यम से लगभग तीन लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावना बनी है। इनमें उद्योग, ऊर्जा, खनन, सूचना प्रौद्योगिकी तथा पर्यावरण एवं वन क्षेत्र प्रमुख हैं।

डॉ. महंत ने बजट में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए 500 करोड़ रुपये, प्रति लीटर दूध पर पांच रुपये की सब्सिडी, सीएमएएए योजना के तहत 50 हजार अतिरिक्त युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा असम की 200 वर्ष पुरानी चाय उद्योग के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना को भी महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के असम को देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल करने के लक्ष्य को साकार करने में औद्योगिक विस्तार निर्णायक भूमिका निभाएगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश