home page

असम में भारत की पहली एआई संचालित डिजिटल बैंक शाखा का उद्घाटन

 | 
असम में भारत की पहली एआई संचालित डिजिटल बैंक शाखा का उद्घाटन


गुवाहाटी, 16 मई, (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को दिसपुर में स्लाइस स्मॉल फाइनेंस बैंक की भारत की पहली एआई संचालित डिजिटल शाखा का आज औपचारिक उद्घाटन किया। अत्याधुनिक तकनीक से लैस इस शाखा को पूरी तरह डिजिटल बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।

दिसपुर फायर स्टेशन के सामने, सचिवालय क्षेत्र के समीप जीएस रोड स्थित सरूमटरिया के जीएस प्वाइंट में स्थापित इस शाखा में ग्राहकों को सेल्फ सर्विस कियोस्क, कैश डिपॉजिट एटीएम तथा त्वरित पेपरलेस खाता खोलने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शाखा में एआई और यूपीआई आधारित तकनीक का इस्तेमाल कर बैंकिंग सेवाओं को अधिक तेज और सरल बनाया गया है।

ग्राहक यहां सीधे पहुंचकर बचत खाता खोल सकते हैं, फिक्स्ड डिपॉजिट के लिए आवेदन कर सकते हैं, यूपीआई लेनदेन कर सकते हैं तथा विभिन्न बैंकिंग उत्पादों की जानकारी डिजिटल कियोस्क के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि नॉर्थ ईस्ट स्मॉल फाइनेंस बैंक के साथ रणनीतिक विलय के बाद स्लाइस ने एकीकृत फुल-स्टैक बैंकिंग इकोसिस्टम तैयार किया है, जिसके तहत पारंपरिक बैंकिंग और फिनटेक सेवाओं को एक मंच पर लाया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, यह पहल असम तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र में डिजिटल वित्तीय समावेशन को मजबूत करने के साथ तकनीक आधारित बैंकिंग सेवाओं को नई दिशा देगी।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश