home page

योग दिवस से पहले लेइमाखोंग सैन्य स्टेशन में भारतीय सेना ने आयोजित किया योग सत्र

 | 
योग दिवस से पहले लेइमाखोंग सैन्य स्टेशन में भारतीय सेना ने आयोजित किया योग सत्र


लेइमाखोंग (मणिपुर), 17 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के पूर्व आयोजित गतिविधियों के तहत भारतीय सेना की रेड शील्ड डिवीजन ने बुधवार को लेइमाखोंग सैन्य स्टेशन में एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सैन्य कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग के माध्यम से शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता तथा समग्र स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित किया गया।

योग सत्र में विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान संबंधी अभ्यास कराए गए। इन गतिविधियों का उद्देश्य सैनिकों की लचीलापन, एकाग्रता, सहनशक्ति और मानसिक संतुलन को बढ़ाना था। रक्षा मंत्रालय के मणिपुर, नगालैंड और दक्षिणी अरुणाचल प्रदेश के पीआरओ एवं प्रवक्ता द्वारा जारी एक बयान के अनुसार सैन्य अधिकारियों ने कहा कि योग शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार की तैयारी को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है, जो सैन्य जीवन में परिचालन तत्परता और अनुशासित जीवनशैली बनाए रखने के लिए आवश्यक है।

इस पहल के माध्यम से भारतीय सेना ने अपने कर्मियों के बीच समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा इसके लाभों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का साधन नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, सशक्त और संतुलित समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण मार्ग भी है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश