मुख्यमंत्री तीन दिवसीय दौरे पर जोरहाट पहुंचे
-जोरहाट में चौथे फ्लाईओवर और नवनिर्मित आयुक्त कार्यालय का उद्घाटन
जोरहाट, 13 सितंबर (हि.स.)। असम सरकार की 'एक पखवाड़ा विकास योजना' के तहत ब्रिटिश कालीन 112 साल पुराने जोरहाट आयुक्त कार्यालय को इतिहास के पन्नों में दर्ज करते हुए आज चिनामारा में नवनिर्मित एकीकृत कार्यालय को आम जनता के लिए खोल दिया गया। 49.22 करोड़ रुपये की लागत से बना यह एकीकृत कार्यालय एक ही परिसर में कई विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
साथ ही चिनामारा में लगभग 65 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 545 मीटर लंबा और 7.5 मीटर चौड़ा जोरहाट का चौथा फ्लाईओवर भी आज औपचारिक रूप से जनता को समर्पित किया गया।
नए जिला आयुक्त कार्यालय और फ्लाईओवर का उद्घाटन करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने पर औपनिवेशिक मानसिकता के प्रतीक सभी कार्यालयों के नवनिर्माण और देश को औपनिवेशिक दासता की हीनभावना से मुक्त करने का आह्वान किया था, उसी दिशा में यह कदम उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के एकीकृत कार्यालय राज्य में और भी बनाए जाएंगे, जिससे प्रशासन और जनता के बीच की दूरी समाप्त होगी। नए परिसर में कॉन्फ्रेंस हॉल, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के आवास के साथ-साथ 75 चारपहिया और 150 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फ्लाईओवर शुरू होने से जोरहाट, मरियानी, तिताबर से लेकर नगालैंड तक आवागमन सुगम होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार आने के बाद विकास की गति तेज हुई है और सरकार जोरहाट में और अधिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जिले में 250 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा लाचित मैदाम और 160 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा स्वराज उद्यान जैसे कार्य स्वतंत्रता के बाद पहले कभी नहीं हुए। चिनामारा में निर्माणाधीन पब्लिक ऑडिटोरियम का उद्घाटन दीपावली से पहले किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 112 साल पुराने जिला आयुक्त के पुराने कार्यालय भवन को संरक्षित किया जाएगा। जिले में 90 बीघा भूमि पर कीर्ति स्तंभ संग्रहालय और भोगदोई रिवर फ्रंट का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। सरकार ने अब तक राज्य में 1100 स्कूलों का निर्माण किया है, जिस पर 5000 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। विकास की इसी निरंतरता के कारण आज असम देश के 10 विकसित राज्यों में शामिल हो सका है।
इससे पहले स्वागत भाषण में विधायक हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के कार्यकाल में जिले में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि चिनामारा फ्लाईओवर से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हुआ है। यह सेतु न केवल असम, बल्कि पड़ोसी राज्य नगालैंड के लोगों के लिए भी आवागमन सुगम बनाएगा। आयुक्त कार्यालय के संबंध में उन्होंने कहा कि 112 साल पुराने भवन की आयु पूरी हो रही थी, ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दूरदर्शी निर्णय प्रशासनिक क्षेत्र में नया आयाम स्थापित करेगा।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री केशव महंत ने कहा कि 'प्रशासन लोगों के द्वार' के उद्देश्य से ही ऐतिहासिक भवन से जिला आयुक्त कार्यालय को चिनामारा स्थानांतरित किया गया है, जिसका प्रभाव दूरगामी होगा। उन्होंने बताया कि सरकार ने राज्य के बाहर बेंगलुरु, मुंबई और कोलकाता में भी असम भवन के निर्माण का कार्य हाथ में लिया है।
उद्घाटन समारोह में मंत्री अजंता नेओग, अभिभावक मंत्री रामेश्वर तेली, मंत्री विश्वजीत दैमारी, सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, विधायक धीरज गोवाला, रूपज्योति कुर्मी, मुख्य सचिव रवि कोटा और विधायक विकास सैकिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
-------
हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai

