home page

ऐतिहासिक जीत के बाद दुधनै में राजग सहयोगी दलों के साथ महत्वपूर्ण बैठक

 | 
ऐतिहासिक जीत के बाद दुधनै में राजग सहयोगी दलों के साथ महत्वपूर्ण बैठक


गुवाहाटी, 08 मई, (हि.स.)। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में मिले ऐतिहासिक जनादेश के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप की उपस्थिति में आज दुधनै स्थित राभा हासोंग स्वायत्तशासी परिषद सचिवालय में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल राभा हासोंग संयुक्त संघर्ष समिति तथा राभा हासोंग क्षेत्र के विभिन्न दल-संगठनों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में असम की छठी अनुसूची क्षेत्रों तथा स्वायत्तशासी परिषदों में निवास करने वाले सभी जाति-जनजातियों के समग्र विकास को और अधिक मजबूत ढंग से आगे बढ़ाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई गई। उपस्थित नेताओं ने कहा कि राजग के सभी घटक दलों ने आपसी सहयोग और समन्वय के बल पर विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय हासिल की है।

बैठक में राजग के सभी सहयोगी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ सकारात्मक माहौल में चुनावी समीक्षा भी की गई। साथ ही, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम के विकास की गति को और तेज करने के लिए सभी दलों ने मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

बैठक में मंत्री जयंत मल्ल बरुवा, बीटीसी प्रमुख हग्रामा महिलारी, बीटीसी उपप्रमुख रिहन दैमारी, राभा हासोंग स्वायत्तशासी परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य टंकेश्वर राभा, प्रदेश भाजपा के संगठनिक महासचिव रवींद्र राजू, प्रदेश महासचिव ऋतुपर्ण बरुवा, नवनिर्वाचित विधायक तथा राभा हासोंग क्षेत्र के विभिन्न संगठनों के कई प्रतिनिधि उपस्थित थे।

बैठक में शामिल सभी पक्षों ने विकास, समन्वय और शांति का वातावरण बनाए रखते हुए राभा हासोंग क्षेत्र सहित पूरे असम की प्रगति के लिए एकजुट होकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश