सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए इटानगर नगर निगम ने चलाया अभियान
-नगर निगम ने आगे भी कार्रवाई जारी रखने की दी चेतावनी
इटानगर, 10 नवंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश की राजधानी के इटानगर नगर निगम ने सार्वजनिक जगहों - जैसे फुटपाथ, नालों और सड़क किनारे के इलाकों पर अवैध रूप से कब्जा करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ एक अभियान चलाया। यह कदम पैदल चलने वालों की सुरक्षा, ट्रैफिक जाम और साफ-सफाई को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
अभियान के दौरान, नगर निगम के राजस्व अधिकारी तारह एहा ने बताया कि यह कार्रवाई कई बार सार्वजनिक नोटिस जारी करने और जागरूकता अभियान चलाने के बाद की गई है, जिसमें विक्रेताओं से अपना अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई अचानक लिया गया कदम नहीं है और जो लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ आगे भी ऐसी ही कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने साफ-सफाई की कमी के बीच मांस और मछली बेचने, एनएच-415 के किनारे गाड़ियां खड़ी करने पर भी चिंता जताई। इससे पैदल चलने वालों को मजबूरन हाईवे पर आना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
एहा ने कहा कि नगर निगम ने सार्वजनिक जगहों को सुलभ बनाए रखने और इटानगर को एक साफ, सुरक्षित और स्वच्छ शहर बनाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रखेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

