home page

आरएसएस और सेवा भारती का ऊपरी असम में बाढ़ राहत एवं बचाव अभियान जारी

 | 
आरएसएस और सेवा भारती का ऊपरी असम में बाढ़ राहत एवं बचाव अभियान जारी


आरएसएस और सेवा भारती का ऊपरी असम में बाढ़ राहत एवं बचाव अभियान जारी


गुवाहाटी, 26 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और सेवा भारती के स्वयंसेवक ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार चला रहे हैं। शिवसागर और जोरहाट जिलों में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित हजारों परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने के साथ-साथ फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

जारी बयान के अनुसार, शिवसागर जिले के बेतबाड़ी क्षेत्र के काकती गांव, डी-गांव, नंबर-2 कोंवर गांव और चेतिया कैवर्त गांव में व्यापक बचाव अभियान चलाकर 200 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

सुंदर पुखुरी, बामुन पुखुरी, गेलेकी और राजाबाड़ी जैसे जलमग्न क्षेत्रों में छोटी नावों के माध्यम से स्वयंसेवक पके हुए भोजन, स्वच्छ पेयजल, जीवनरक्षक दवाइयां, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित कर रहे हैं। वहीं, जोरहाट जिले के अलेंगमोरा, कातिराम चुक, कुलई चुक, नालिया चुक, शेनचोवा चुक और चारिघरिया चुक में भी राहत अभियान तेजी से जारी है।

बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच तिरपाल, मोमबत्तियां, मच्छर भगाने वाली कॉयल, सूखा राशन, बिस्कुट, स्वच्छ पेयजल, साबुन, फिटकरी तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया जा रहा है। स्वयंसेवक नावों के जरिए जलमग्न घरों तक राहत सामग्री पहुंचाने के साथ-साथ बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और बीमार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर आवश्यक चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध करा रहे हैं।

आरएसएस और सेवा भारती ने कहा कि यह मानवीय सेवा अभियान उनके नि:स्वार्थ सेवा के संकल्प का प्रतीक है। नर सेवा ही नारायण सेवा के आदर्श से प्रेरित स्वयंसेवक प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़े रहकर उन्हें राहत, सहायता और संबल प्रदान कर रहे हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश