अवैध लकड़ी से लदा ट्रक पलटा, चालक फरार
शोणितपुर (असम), 13 अप्रैल (हि.स.)। शोणितपुर जिले के रंगापारा इलाके में अवैध लकड़ी से लदे एक ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह घटना सोमवार की सुबह रंगापारा के नंबर 2 बहुमारी गांव में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिना पंजीकरण नंबर का उक्त छह पहिया ट्रक रंगापारा से ढेकियाजुली की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक सड़क किनारे पलट गया। ट्रक में भारी मात्रा में अवैध लकड़ी लदी हुई थी।
दुर्घटना के बाद चालक और खलासी मौके से फरार हो गए, जिससे अवैध तस्करी की आशंका और गहरा गई है। घटना की सूचना मिलते ही रंगापारा पुलिस तथा आमारीबाड़ी वन क्षेत्र के वनकर्मियों की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, जब्त की गई लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि शोणितपुर जिले में अवैध लकड़ी तस्करी की गतिविधियों में वृद्धि को लेकर लंबे समय से शिकायतें सामने आती रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

