home page

अवैध गर्भपात रैकेट का भंडाफोड़, फर्जी स्त्री रोग विशेषज्ञ बनकर काम करने वाली नर्स और उसका पति गिरफ्तार

 | 
अवैध गर्भपात रैकेट का भंडाफोड़, फर्जी स्त्री रोग विशेषज्ञ बनकर काम करने वाली नर्स और उसका पति गिरफ्तार


धुबड़ी (असम), 14 जुलाई (हि.स.)। असम के धुबड़ी जिले में एक आवासीय मकान से संचालित किए जा रहे कथित अवैध गर्भपात रैकेट का भंडाफोड़ किया गया है। यह मामला 35 वर्षीय महिला की कथित तौर पर अवैध गर्भपात के बाद हुई मौत के बाद सामने आया।

पुलिस ने धुबड़ी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कार्यरत नर्स हबीबा यास्मीन तथा उसके पति मोस्तफिजुर रहमान को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि नर्स स्वयं को स्त्री रोग विशेषज्ञ बताकर गौरीपुर के रोवा पार्ट-2 स्थित अपने घर से अवैध गर्भपात क्लिनिक चला रही थी।

मामले का खुलासा तब हुआ जब हजरत अली ने प्राथमिकी दर्ज कराकर आरोप लगाया कि उनकी पत्नी मालेका बीबी की अवैध गर्भपात प्रक्रिया के दौरान उत्पन्न जटिलताओं के कारण मौत हो गई।

शिकायत के आधार पर धुबड़ी पुलिस और जिला अपराध शाखा की टीम ने आरोपितों के घर पर छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस कथित अवैध गर्भपात रैकेट में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश