आईआईटी गुवाहाटी के छात्र का परिसर में शव मिला, जांच में जुटी पुलिस
गुवाहाटी, 27 जुलाई (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गुवाहाटी के तीसरे वर्ष के एक बीटेक छात्र का शव संस्थान के शैक्षणिक परिसर में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने आज बताया कि पुलिस इस मामले की संदिग्ध आत्महत्या के एंगल से जांच कर रही है। सूत्रों ने बताया कि यह घटना रविवार दोपहर करीब 2.30 बजे हुई, जिसे आज सार्वजनिक किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र अकादमिक भवन की पांचवीं मंजिल से गिर गया। मृतक की पहचान कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के तीसरे वर्ष के छात्र और ब्रह्मपुत्र हॉस्टल निवासी रितेश राज सिंह के रूप में हुई है।
संस्थान के सूत्रों के अनुसार, रितेश मेधावी छात्र था और हाल ही में उसे वैश्विक निवेश बैंकिंग कंपनी गोल्डमैन सैक्स में इंटर्नशिप भी मिली थी।
आईआईटी गुवाहाटी के निदेशक प्रो. देवेंद्र जलीहाल ने संस्थान समुदाय को भेजे संदेश में छात्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे आईआईटी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि संस्थान मृतक के परिजनों के संपर्क में है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।
कामरूप पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
यदि जांच में आत्महत्या की पुष्टि होती है, तो वर्ष 2026 में आईआईटी गुवाहाटी में यह छात्र की पहली संदिग्ध आत्महत्या का मामला होगा। इससे पहले वर्ष 2024 में संस्थान में चार छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं ने छात्र मानसिक स्वास्थ्य, शैक्षणिक दबाव और परामर्श व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा की थीं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

