आईआईटी गुवाहाटी में बाल दिवस पर पहली बार ओपन किड्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित
गुवाहाटी, 14 नवंबर (हि.स.)। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पूरे देश में बाल दिवस मनाया गया। बच्चों और फूलों से विशेष लगाव रखने वाले पंडित नेहरू की जयंती पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गुवाहाटी में भी बाल दिवस के अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर किड्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन की पहल पर पहली बार आईआईटी गुवाहाटी के खेल मैदान में 'ओपन किड्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026' का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में असम के विभिन्न हिस्सों से लगभग 300 बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन आईआईटी गुवाहाटी के उप निदेशक प्रोफेसर उदय शंकर दीक्षित ने किया। इस मौके पर उन्होंने बच्चों से शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनने के लिए खेलकूद में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा खेलों के प्रति रुचि विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ताइबुद्दीन निशा, किड्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दिगंत सैकिया, आईआईटी गुवाहाटी के खेल अध्यक्ष प्रोफेसर एन. किपगेन तथा असम ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष अशोक कुमार भराली सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलकूद और शारीरिक फिटनेस के महत्व को भी रेखांकित किया गया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

