भारत के लोकतंत्र का उत्सव: ईआईवीपी 2026 में असम चुनाव पर दुनिया की नजर
गुवाहाटी, 11 अप्रैल (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव 2026 ने वैश्विक स्तर पर ध्यान आकर्षित किया है। चुनाव आयोग के इंटरनेशनल इलेक्शन विजिटर्स प्रोग्राम (ईआईवीपी) 2026 के तहत सात देशों—अंगोला, बेनिन, क्रोएशिया, मिस्र, मैक्सिको, पुर्तगाल और श्रीलंका—के 12 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भारत की चुनावी प्रक्रिया की व्यापकता, सटीकता और जीवंतता को प्रत्यक्ष रूप से देखा।
प्रतिनिधियों ने इस अनुभव को “लोकतंत्र का सच्चा उत्सव” बताया और रिकॉर्ड मतदान, सूक्ष्म योजना तथा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया की सराहना की। उन्होंने मतदान दलों और चुनाव सामग्री के सुव्यवस्थित आवागमन के लिए स्थापित लॉजिस्टिक्स और मानक संचालन प्रक्रियाओं का भी अवलोकन किया।
8 और 9 अप्रैल को असम के दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रतिनिधियों ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी और राज्य पुलिस नोडल अधिकारी से मुलाकात कर चुनाव संचालन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही, उन्होंने सीईओ कार्यालय में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का दौरा किया, जहां शत् प्रतिशत वेबकास्टिंग के जरिए मतदान केंद्रों की निगरानी की जा रही थी, जिसे उन्होंने पारदर्शिता का मजबूत आधार बताया।
कामरूप और कामरूप (मेट्रो) जिलों के विभिन्न मतदान केंद्रों पर प्रतिनिधियों ने मॉक पोल और वास्तविक मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर रैंप, व्हीलचेयर, स्वयंसेवक, क्रेच सुविधाएं तथा महिलाओं और दिव्यांगजनों द्वारा संचालित विशेष मतदान केंद्रों जैसी समावेशी व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।
क्रोएशिया के ब्रानिमिर फार्कस ने मतदाताओं के उत्साह की सराहना करते हुए भारतीय चुनाव को “पूरी दुनिया के लिए लोकतंत्र का उत्सव” बताया। वहीं, पुर्तगाल के डॉ. मिगुएल जीसस फरेरा दा सिल्वा ने शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के साथ मजबूत लॉजिस्टिक व्यवस्था की सराहना की।
प्रतिनिधियों ने जिला स्तरीय मीडिया मॉनिटरिंग केंद्रों का भी दौरा किया और मतदान केंद्रों पर पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेकर पर्यावरण अनुकूल पहल की सराहना की। बेनिन के एरिक जीन-मैरी जिंसौ ने प्रत्येक चरण में सुव्यवस्थित प्रक्रिया और प्रशिक्षित कर्मियों की प्रशंसा की।
प्रतिनिधियों ने मतदान केंद्रों पर स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का भी लाभ उठाया और मतदाताओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं को सराहा।
सुचारू मतदान और उच्च मतदाता भागीदारी से प्रभावित प्रतिनिधियों ने चुनाव आयोग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत विश्व स्तर पर चुनाव संचालन के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है और वास्तव में यह लोकतंत्र का एक भव्य उत्सव है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

