home page

रंगापाड़ा में मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, पांच युवक गिरफ्तार, सात युवतियों को कराया गया मुक्त

 | 
रंगापाड़ा में मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, पांच युवक गिरफ्तार, सात युवतियों को कराया गया मुक्त


शोणितपुर (असम), 13 नवंबर (हि.स.)। शोणितपुर जिलांतर्गत रंगापाड़ा में पुलिस ने मानव तस्करी के एक कथित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सात युवतियों को भी सुरक्षित बरामद किया है।

रंगापाड़ा पुलिस ने आज बताया है कि गुप्त सूचना के आधार पर रंगापाड़ा पुलिस ने अभियान चलाकर बीती देर रात तस्करों को गिरफ्तार किया। सूत्रों ने बताया है कि गिरफ्तार किए गए पांचों युवक सातों युवतियों को केरल ले जाने की योजना बना रहे थे।

रंगापाड़ा थाना प्रभारी धनजीत हालोई के नेतृत्व में गुरुवार की रात करीब 11 बजे रंगापाड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर पुलिस ने अभियान चलाया, जहां से पांचों युवकों को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, पुलिस ने बरामद की गई सातों युवतियों को अपनी सुरक्षा में लेकर आगे की आवश्यक प्रक्रिया के लिए तेजपुर स्थित सखी केंद्र भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जयकिशोर झा