चुनाव 2026 : राज्यभर में मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने चुनावी जनसभा एवं रोड शो में लिया हिस्सा
लखीमपुर (असम), 27 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनज़र मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को लखीमपुर ज़िले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कई जनसभाएं करने के साथ ही भव्य रोड शो किया। इस दौरान भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति देखी गई और जगह-जगह जनता ने उनका जोरदार स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने दिन के दौरान बिहपुरिया, रंगानदी, ढकुवाखाना और नाओबैचा विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया। प्रत्येक स्थान पर सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे, जिन्होंने हाथ हिलाकर और नारों के साथ उनका स्वागत किया। स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया।
देर शाम मुख्यमंत्री ने लखीमपुर विधानसभा क्षेत्र में भी रोड शो किया, जहां लाखों की भीड़ उमड़ पड़ी। समर्थकों ने फूल-मालाओं और पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया। पूरे मार्ग में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए राज्य में जारी विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले वर्षों में विकास की नई दिशा दी है और आने वाले समय में इसे और गति दी जाएगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह के बड़े जनसमर्थन से चुनावी माहौल में भाजपा को बढ़त मिल सकती है। मुख्यमंत्री के रोड शो ने लखीमपुर ज़िले में चुनावी सरगर्मी को और तेज कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

