home page

गुवाहाटी के होटल विलास इन में पांच लोगों की हत्या के मुख्य आरोपित घनकांत को न्यायालय ने भेजा जेल

 | 
गुवाहाटी के होटल विलास इन में पांच लोगों की हत्या के मुख्य आरोपित घनकांत को न्यायालय ने भेजा जेल


गुवाहाटी, 03 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के होटल विलास इन में हुई फायरिंग और पांच लोगों की हत्या के मुख्य आरोपित घनकांत गोगोई को न्यायालय ने जेल भेज दिया है। आज कामरूप महानगर जिला के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत ने घनकांत को जेल भेजने का आदेश दिया।

उल्लेखनीय है कि घनकांत गोगोई की सात दिन की पुलिस हिरासत आज समाप्त हो गई थी। इसके बाद आरोपित घनकांत को अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश के अनुसार आरोपित को जेल भेज दिया गया।

ज्ञात हो कि बीते 26 अक्टूबर, 2026 की रात लगभग 9 बजे होटल विलास इन में एक गोलीबारी की घटना हुई थी। उक्त गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रात लगभग 10 बजे आरोपित घनकांत को गिरफ्तार कर लिया था।

घनकांत द्वारा की गयी गोलीबारी में भूदेव भराली (65), हेलेना भराली (58), देवर्षि कश्यप (39), रिनिकी कश्यप (30) और नारायण दास (48) की मौत हो गई। इसमें भूदेव भराली और नारायण दास का घर बरपेटा में है। वहीं, हेलेना भराली, देवर्षि कश्यप और रिनिका कश्यप फिलहाल गुवाहाटी के नवीन नगर के निवासी थे, हालांकि, वे भी मूल रूप से बरपेटा के ही रहने वाले थे। गोलीबारी में घायल हुए सत्येंद्र पाठक (43) बरपेटा के रहने वाले हैं। उनका फिलहाल गुवाहाटी चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (जीएमसीएच) में इलाज चल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय