home page

होटल बिलास इन हत्याकांड: आरोपित की पत्नी ने धेमाजी थाने में किया आत्मसमर्पण, पुलिस अपराध का दृश्य दोहराएगी

 | 

गुवाहाटी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। गुवाहाटी के होटल बिलास इन हत्याकांड की जांच में तेजी आ गई है। इस मामले के मुख्य आरोपित घनकांत गोगोई की पत्नी जोनमणि गोगोई ने शनिवार को धेमाजी थाने में आत्मसमर्पण कर दिया।

घटना के बाद से ही जोनमणि गोगोई कथित तौर पर फरार थी। पुलिस उसकी तलाश में लगातार अभियान चला रही थी। आत्मसमर्पण के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर सकती है, ताकि घटना से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का पता लगाया जा सके।

इस बीच, पुलिस आरोपित घनकांत गोगोई को साथ लेकर घटनास्थल पर अपराध का दृश्य दोहराने की तैयारी कर रही है। घनकांत से लताशिल थाने में लगातार पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने साउकुची स्थित उसके किराये के मकान की तलाशी लेकर एक वाहन सहित कई सामान भी जब्त किए हैं। जांच के तहत इन सामग्रियों की पड़ताल की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि 26 अक्टूबर की रात गुवाहाटी के बोरा सर्विस इलाके स्थित होटल बिलास इन में हुई गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए संयुक्त पुलिस आयुक्त अंकुर जैन के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। पुलिस होटल के पट्टे और प्रबंधन से जुड़े विवाद सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश