नगांव में भीषण सड़क हादसा, दो बाइक सवारों की मौत, दो महिलाएं घायल
नगांव (असम), 27 मई, (हि.स.)। असम के नगांव जिले के रंगलू इलाके में हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिला राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस से बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईद की खरीदारी कर घर लौटने के दौरान बीती रात यह हादसा हुआ। तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पर चल रही दो महिला राहगीरों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
दुर्घटना इतना जोरदार था कि बाइक सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रकिबुल हुसैन और इक्रामुल हक के रूप में हुई है।
घायल दोनों महिलाओं को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए नगांव सिविल अस्पताल भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। दुर्घटनाग्रस्त बाइक का नंबर अभी तक सामने नहीं आ सका है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

