home page

मतदाताओं ने उठाया घर बैठे मतदान की सुविधा का लाभ

 | 
मतदाताओं ने उठाया घर बैठे मतदान की सुविधा का लाभ


गुवाहाटी, 30 मार्च (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2026 के विधानसभा आम चुनावों और उपचुनावों के तहत 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर से पोस्टल बैलेट के जरिए मतदान की वैकल्पिक सुविधा उपलब्ध कराई है।

आयोग के अनुसार अन्य राज्यों के साथ ही असम में मतदाताओं को घर से मतदान की अनुमति दी गई है। इनमें वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग मतदाता शामिल हैं।

निर्वाचन अधिकारियों की टीम मतदाताओं के घर जाकर मतदान प्रक्रिया पूरी कर रही है, जिसकी जानकारी पहले से दी जाएगी। यह प्रक्रिया 5 अप्रैल तक पूरी कर ली जाएगी।

मतदान की गोपनीयता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही है तथा सुरक्षा व्यवस्था भी मौजूद रह रही है। साथ ही राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों को भी इस प्रक्रिया की जानकारी दी गई है।

जिन मतदाताओं ने घर से मतदान का विकल्प नहीं चुना है, उनके लिए मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश