home page

कोकराझार जिले के चौतारा काचुकाटा में भव्य होली मंच का उद्घाटन

 | 
कोकराझार जिले के चौतारा काचुकाटा में भव्य होली मंच का उद्घाटन


कोकराझार (असम), 04 मार्च (हि.स.)। कोकराझार जिले के चौतारा काचुकाटा में बीती रात होली उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए भव्य होली मंच का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के पीएनबी बॉडी सदस्य एवं भावखुंगुरी विधानसभा क्षेत्र से संभावित प्रत्याशी सुभाष अधिकारी ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह के दौरान सुभाष अधिकारी ने उपस्थित जनसमूह को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का पर्व है, जो समाज को आपसी सद्भाव के सूत्र में बांधता है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं एवं आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन समाज में समरसता और सौहार्द को सुदृढ़ करते हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पारंपरिक होली गीतों तथा नृत्य कार्यक्रमों ने देर रात तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध बनाए रखा। पूरे क्षेत्र में उत्सव को लेकर विशेष उत्साह एवं उल्लास का माहौल देखा गया।

आयोजक समिति ने जानकारी दी कि आगामी दिनों में भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं आनंदमय वातावरण में मनाया जा सके।

इस अवसर पर कुछ स्थानीय कार्यकर्ताओं ने बीपीएफ नेतृत्व से अनुरोध किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भावखुंगुरी विधानसभा क्षेत्र से सुभाष अधिकारी को पार्टी का उम्मीदवार बनाया जाए। उनका कहना था कि यदि पार्टी उन्हें प्रत्याशी बनाती है तो क्षेत्र में बीपीएफ की जीत सुनिश्चित होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा