home page

होजाई में राज्यपाल के नेतृत्व में नशा मुक्त भारत संकल्प पदयात्रा

 | 
होजाई में राज्यपाल के नेतृत्व में नशा मुक्त भारत संकल्प पदयात्रा


गुवाहाटी, 30 सितंबर (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य के नेतृत्व में बुधवार को होजाई में नशा मुक्त भारत संकल्प पदयात्रा निकाली गई। रवींद्रनाथ ठाकुर विश्वविद्यालय के नए परिसर से आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवा स्वयंसेवकों, एनसीसी और एनएसएस कैडेटों, सामाजिक संगठनों, पूर्व सैनिकों, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण के साथ हुई। इसके बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए आचार्य ने कहा कि होजाई से निकलने वाला नशा मुक्ति और जागरूकता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को जन आंदोलन में बदलने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।

राज्यपाल ने पदयात्रा को संकल्प, जागरूकता और आशा की यात्रा बताते हुए युवाओं से अपनी ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों की नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका है।

आचार्य ने अभिभावकों, शिक्षकों, शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से नशा मुक्ति को लेकर निरंतर संवाद और सहयोग का वातावरण बनाने की अपील की। उन्होंने युवाओं को खेल, योग, सांस्कृतिक गतिविधियों, एनसीसी, एनएसएस, सामुदायिक सेवा और कौशल विकास जैसे सकारात्मक क्षेत्रों से जोड़ने पर भी जोर दिया।

राज्यपाल ने महात्मा गांधी, भगत सिंह, खुदीराम बोस, अशफाक उल्ला खान और सरदार वल्लभभाई पटेल सहित स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का स्मरण किया। उन्होंने असम के स्वतंत्रता सेनानियों मनीराम देवान, शहीद कुशल कोंवर, पियली फूकन, कनकलता बरुवा और कमला मिरी के योगदान को भी याद किया।

पदयात्रा रवींद्रनाथ ठाकुर विश्वविद्यालय के नए परिसर से शुरू होकर निर्धारित समापन स्थल पर पहुंची, जहां राज्यपाल ने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की।

होजाई के जिला आयुक्त संजय दत्ता ने प्रतिभागियों को नशा मुक्त भारत संकल्प की शपथ दिलाई। इस दौरान सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, विधायक शिलादित्य देव, विधायक सिबू मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निरुपम हजारिका, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मानवेंद्र दत्ता चौधरी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश