home page

कामरूप जिले में एचआईवी संबधित जागरूकता अभियान आरंभ

 | 
कामरूप जिले में एचआईवी संबधित जागरूकता अभियान आरंभ




गुवाहाटी, 08 सितंबर (हि.स.)।कामरूप (मेट्रो) जिला स्वास्थ्य समिति की पहल पर आज जिले में एचआईवी/एड्स से संबंधित 60 दिवसीय सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एचआईवी के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से एक विशेष आईसीई वाहन को रवाना किया गया।

कामरूप (मेट्रो) के जिला आयुक्त स्वप्निल पॉल ने आईसीई वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन कामरूप (मेट्रो) की विभिन्न सड़कों और इलाकों में घूमकर एचआईवी रोकथाम, जांच, उपचार, उपलब्ध देखभाल और सहायता सेवाओं के बारे में आम जनता के बीच जागरूकता फैलाएगा।

आईईसी वाहन के शुभारंभ के बाद, कामरूप (मेट्रो) जिला विकास आयुक्त मंजीत बरकाकती की अध्यक्षता में एक जिला स्तरीय उद्घाटन बैठक आयोजित की गई।

उद्घाटन बैठक में श्रीमंत शंकरदेव स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के सहायक रजिस्ट्रार, छात्र-छात्राओं के साथ-साथ जिला के सात एनजीओ के प्रतिनिधि और कामरूप(मेट्रो) जिला स्वास्थ्य समिति के मुख्य अधिकारी उपस्थित थे।

60 दिवसीय इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न हिस्सों में कुल 130 जागरूकता बैठकें आयोजित करने की योजना बनाई गई है। ये बैठकें स्कूल, कॉलेज, बाजार, गांवों और उच्च जोखिम वाले समूहों को ध्यान में रखकर आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा, एचआईवी की रोकथाम के बारे में लोगों को अधिक जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक (स्ट्रीट प्ले) और अन्य आईईसी कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

इस अभियान के दौरान समय पर एचआईवी जांच, समय पर इलाज, संक्रमण की रोकथाम और एआईवी से जुड़े भेदभाव को कम करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर