home page

एसएसबी सेक्टर मुख्यालय में सृजनात्मक लेखन पर हिंदी कार्यशाला

 | 
एसएसबी सेक्टर मुख्यालय में सृजनात्मक लेखन पर हिंदी कार्यशाला


एसएसबी सेक्टर मुख्यालय में सृजनात्मक लेखन पर हिंदी कार्यशाला


बंगाईगांव (असम), 25 सितम्बर (हि.स.)। हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा बदलते तकनीकी परिवेश में हिंदी की रचनात्मक संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), बंगाईगांव के तत्वावधान में शुक्रवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सेक्टर मुख्यालय, बंगाईगांव में हिंदी कार्यशाला एवं हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय “एआई के दौर में सृजनात्मक लेखन” रहा।

कार्यक्रम में एसएसबी सेक्टर मुख्यालय, बंगाईगांव के टूआईसी दिलीप कुमार झा ने हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा साहित्यिक गतिविधियों के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यशाला के संकाय सदस्य मो. रहमान, युवा कवि एवं रंगकर्मी ने “एआई के दौर में सृजनात्मक लेखन” विषय पर प्रतिभागियों के साथ संवाद किया। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के तेजी से विकसित होते स्वरूप और लेखन की दुनिया पर उसके प्रभाव की चर्चा करते हुए बताया कि एआई ने लेखन के क्षेत्र में अनेक नए अवसर उपलब्ध कराए हैं। साथ ही, उन्होंने रचनात्मक लेखन में मानवीय संवेदना, मौलिक चिंतन, कल्पनाशीलता और जीवनानुभव के महत्व को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि एआई को सृजनात्मक लेखन के लिए एक उपयोगी सहायक उपकरण के रूप में अपनाया जा सकता है, लेकिन लेखक की मौलिक सोच और अभिव्यक्ति का स्थान तकनीक नहीं ले सकती। कार्यशाला के दौरान एआई के रचनात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग, विचारों को व्यवस्थित करने तथा लेखन को अधिक प्रभावी बनाने में तकनीकी साधनों की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने विषय से संबंधित अपने प्रश्न एवं विचार साझा किए।

कार्यक्रम के अवसर पर हिंदीस्थान प्रकाशन, जयपुर द्वारा हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में साहित्य, कविता, कहानी, उपन्यास, निबंध, जीवनी तथा विभिन्न ज्ञान-विषयों से संबंधित पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया। एसएसबी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और हिंदी साहित्य की पुस्तकों में रुचि दिखाई। इस पहल से कार्यालयी परिवेश में हिंदी पुस्तकों के पठन-पाठन की संस्कृति को प्रोत्साहन मिला।

कार्यक्रम में एसएसबी हिंदी प्रभारी संतोष निमोरिया, रूपेश शर्मा, कैलाश सैकिया तथा शरद कुमार, सदस्य सचिव, नराकास बंगाईगांव की विशेष उपस्थिति रही। एसएसबी के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा