एसएसबी की पहली बटालियन में हिंदी पखवाड़े के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित
गुवाहाटी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की पहली बटालियन, सोनापुर के मुख्यालय में हिंदी पखवाड़े के तहत शनिवार को विभिन्न कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम का आयोजन दूसरी कमान एवं कार्यवाहक कमांडेंट इबौचौबा सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य बल के अधिकारियों एवं जवानों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाना तथा राजभाषा के रूप में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करना था। इस दौरान राजभाषा नीति के अनुपालन और सरकारी कामकाज में सरल एवं प्रभावी हिंदी के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत हिंदी निबंध लेखन, वाद-विवाद, सामान्य ज्ञान, हिंदी टंकण, हस्तलेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। अधिकारियों एवं जवानों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर कार्यवाहक कमांडेंट ने कहा कि हिंदी देश की महत्वपूर्ण संपर्क भाषा है और सरकारी कामकाज में इसके अधिक उपयोग से प्रशासनिक कार्य को सरल, सुगम और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जवानों से दैनिक सरकारी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा गया कि हिंदी पखवाड़े की गतिविधियां केवल निर्धारित अवधि तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हिंदी के निरंतर और प्रभावी प्रयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बननी चाहिए।
पहली बटालियन सशस्त्र सीमा बल, सोनापुर द्वारा भविष्य में भी राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं कार्यान्वयन के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम में बटालियन मुख्यालय के अधिकारियों एवं जवानों ने सक्रिय भागीदारी की और पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

