विद्यार्थियों ने सीखी सृजनात्मक लेखन की बारीकियां, हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी में दिखी उत्सुकता
चिरांग (असम), 24 सितम्बर (हि.स.)। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बंगाईगांव के तत्वावधान में बंगाईगांव रिफाइनरी द्वारा असम सरकार द्वारा अंग्रेजी माध्यम से संचालित आदर्श विद्यालय, सिडली, चिरांग में आज सृजनात्मक हिंदी लेखन कार्यशाला एवं हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, रचनात्मक अभिव्यक्ति तथा पठन-पाठन की संस्कृति को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में युवा कवि एवं रंगकर्मी मो. रहमान ने विद्यार्थियों को सृजनात्मक हिंदी लेखन के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया। उन्होंने कविता, कहानी, संस्मरण एवं अन्य साहित्यिक विधाओं में लेखन की बारीकियों को सरल एवं रोचक तरीके से समझाते हुए विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशक्ति और अनुभवों को शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अर्जुन बर्मन ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति एवं रिफाइनरी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शरद कुमार, सहायक प्रबंधक (हिंदी व सीएसआर), बंगाईगांव रिफाइनरी तथा विकास रावल, निदेशक, हिंदी स्थान प्रकाशन, जयपुर की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें साहित्य, कविता, कहानी, बाल साहित्य, ज्ञान-विज्ञान एवं विविध विषयों से संबंधित हिंदी पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पुस्तक प्रदर्शनी में विशेष रुचि दिखाई तथा विभिन्न पुस्तकों का अवलोकन किया। पुस्तक प्रदर्शनी के आयोजन में हिंदीस्थान प्रकाशन, जयपुर का सहयोग रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

