home page

आदर्श विद्यालय, बिजनी में हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन

 | 
आदर्श विद्यालय, बिजनी में हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन


आदर्श विद्यालय, बिजनी में हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन


चिरांग (असम), 26 सितम्बर (हि.स.)। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), बंगाईगांव के तत्वावधान में तथा हिंदुस्तान प्रकाशन, जयपुर के सहयोग से आदर्श विद्यालय, बिजनी में हिंदी पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों में हिंदी भाषा, साहित्य और पठन संस्कृति के प्रति रुचि एवं प्रेम विकसित करना प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य रहा।

प्रदर्शनी में हिंदी साहित्य की विभिन्न विधाओं से संबंधित पुस्तकों का आकर्षक संग्रह प्रदर्शित किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और अपनी रुचि के अनुरूप विभिन्न पुस्तकों के बारे में जानकारी प्राप्त की। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने पसंद की पुस्तकों का चयन किया तथा हिंदी साहित्य की विविध दुनिया से परिचित हुए। प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण हिंदीतर भाषी विद्यार्थियों में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति दिखाई दिया उत्साह रहा।

विद्यार्थियों ने हिंदी पुस्तकों के प्रति जिज्ञासा व्यक्त करते हुए विभिन्न पुस्तकों की विषय-वस्तु और साहित्यिक महत्व के बारे में जानकारी ली। इससे यह भी देखने को मिला कि हिंदी भाषा विभिन्न भाषाई एवं सांस्कृतिक समुदायों के बीच संवाद और जुड़ाव का माध्यम बन रही है। इस अवसर पर युवा कवि एवं रंगकर्मी तथा चर्चित ‘पुस्तक प्रेम’ पोस्ट के लेखक मो. रहमान ने पुस्तक प्रदर्शनी में उपस्थित होकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने तथा साहित्य के माध्यम से अपने ज्ञान और रचनात्मक सोच को समृद्ध करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के शिक्षकों ने भी पुस्तक प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने के साथ-साथ हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को पुस्तकों के करीब आने और अपने ज्ञान के दायरे को व्यापक बनाने का अवसर मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा