सिलचर निकाय चुनाव : मुख्यमंत्री सरमा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- निर्दलीयों से भी पीछे रही पार्टी
गुवाहाटी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सिलचर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम में निर्दलीय उम्मीदवारों ने कांग्रेस से अधिक सीटें हासिल की हैं और कांग्रेस के पास पहले की तुलना में वोट बढ़ने के बजाय घट रहे हैं।
चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ईवीएम संबंधी आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मशीन मोदी, बैलेट मोदी; मशीन कमल, बैलेट कमल; मशीन भाजपा, बैलेट भाजपा।”
डॉ. सरमा ने कहा कि सिलचर नगर निगम चुनाव के नतीजे राहुल गांधी को यह समझाने के लिए पर्याप्त हैं कि बैलेट पेपर से हुए चुनाव में भी भाजपा को समर्थन मिला है।
उन्होंने बताया कि निर्दलीय उम्मीदवारों से कांग्रेस को कम सीटें मिलीं।
भाजपा के प्रदर्शन के बाद गुवाहाटी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी भवन में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और आतिशबाजी की।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

