home page

असम के हितों के खिलाफ है सीजेपी की गतिविधियां : मुख्यमंत्री सरमा

 | 
असम के हितों के खिलाफ है सीजेपी की गतिविधियां : मुख्यमंत्री सरमा


गुवाहाटी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को सिटिजन्स जस्टिस पार्टी (सीजेपी) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसकी गतिविधियां असम की जनता के हितों के खिलाफ हैं। उन्होंने कांग्रेस विधायकों के राइजर दल के विधायक अखिल गोगोई के धरना स्थल पर पहुंचने को लेकर भी कांग्रेस पर कटाक्ष किया।

बंगाईगांव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. सरमा ने कहा कि सीजेपी की आलोचना केवल अखिल असम छात्र संघ (आसू) ने नहीं की है, बल्कि उन्होंने भी पार्टी की गतिविधियों पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने कहा, “सीजेपी की आलोचना केवल आसू ने नहीं की है, मैंने भी इसकी आलोचना की है। सीजेपी की गतिविधियां असम के लोगों के हितों के खिलाफ हैं।”

मुख्यमंत्री ने आसू और भाजपा के बीच किसी तरह के राजनीतिक संबंध या समझौते की संभावना से इनकार करते हुए कहा कि विभिन्न संगठनों को लेकर उनकी राय मुद्दों पर आधारित होती है। उन्होंने कहा कि किसी मुद्दे पर वह आसू का समर्थन कर सकते हैं तो किसी अन्य मुद्दे पर अखिल गोगोई के विचारों से भी सहमत हो सकते हैं।

सीजेपी की प्रासंगिकता पर सवाल उठाते हुए डॉ. सरमा ने कहा कि असम में पहले से ही आसू, ऑल बोड़ो स्टूडेंट्स यूनियन (अब्सू), कोच-राजबंशी संगठन, राभा छात्र संघ सहित कई स्थापित छात्र एवं सामाजिक संगठन मौजूद हैं।

अखिल गोगोई के धरना स्थल पर कांग्रेस विधायकों के पहुंचने के सवाल पर सरमा ने इसे नगांव लोकसभा उपचुनाव से जोड़ते हुए कहा कि चुनाव से पहले इस तरह की राजनीतिक गतिविधियां होती रहती हैं। नगांव लोकसभा सीट पर मंगलवार को उपचुनाव होना है।

गोगोई असम विधानसभा परिसर में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे में बढ़ोतरी की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। मुख्यमंत्री इससे पहले आरोप लगा चुके हैं कि राइजर दल विधायक सरकार की राहत पहलों का राजनीतिक श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश