मुख्यमंत्री ने अभिनेता निपोन गोस्वामी को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
गुवाहाटी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को असमिया सिनेमा के दिग्गज अभिनेता निपोन गोस्वामी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अभिनेता को असमिया फिल्म जगत का एक चमकता सितारा बताते हुए कहा कि उनके असाधारण अभिनय और गरिमामय व्यक्तित्व ने सभी को प्रभावित किया था।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि निपोन गोस्वामी केवल एक असाधारण अभिनेता ही नहीं थे, बल्कि उनका सुसंस्कृत व्यक्तित्व भी लोगों को मंत्रमुग्ध कर देता था। अपने बेजोड़ अभिनय के माध्यम से उन्होंने दर्शकों के दिलों में जो विशेष स्थान बनाया था, वह आज भी कायम है।
डॉ. सरमा ने असमिया फिल्म ‘ककादेवता, नाती आरु हाती’ में अभिनेता के साथ बिताए समय को याद करते हुए कहा कि उन पलों की स्मृतियां आज भी मन में विशेष भावनाएं जगाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निपोन गोस्वामी का अभिनय और उनका योगदान असमिया फिल्म उद्योग के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

