home page

असम मेडिकल कॉलेज के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

 | 
असम मेडिकल कॉलेज के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं


गुवाहाटी, 3 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने डिब्रूगढ़ स्थित असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएमसीएच) के स्थापना दिवस पर चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, विद्यार्थियों और राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक संदेश जारी कर कहा कि वर्ष 1947 में स्थापित पूर्वोत्तर के पहले मेडिकल कॉलेज ने दशकों से असम की स्वास्थ्य सेवाओं को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस ऐतिहासिक संस्थान ने मरीजों की सेवा के साथ-साथ हजारों कुशल चिकित्सकों को तैयार किया है और देश के चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि इस गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाते हुए असम आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए अध्याय की शुरुआत कर रहा है। जिला स्तर पर नए मेडिकल कॉलेजों का विस्तार, एम्स गुवाहाटी जैसे राष्ट्रीय संस्थानों की स्थापना, विश्वस्तरीय कैंसर उपचार केंद्रों का विकास और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने जरूरतमंदों की सेवा और प्रत्येक नागरिक को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के सरकार के संकल्प को दोहराया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश