जुबीन गर्ग की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने किया रक्तदान
गुवाहाटी, 19 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को गुवाहाटी के बशिष्ठ स्थित भाजपा मुख्यालय में रक्तदान कर लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग की पुण्यतिथि पर आयोजित राज्यव्यापी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
डॉ. सरमा दोपहर में भाजपा कार्यालय पहुंचे और दिवंगत गायक की स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर में स्वयं रक्तदान किया। इस दौरान मंत्री केशव महंत सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने इससे पहले घोषणा की थी कि जुबीन गर्ग की पुण्यतिथि के अवसर पर 19 सितंबर को पूरे असम में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि वह स्वयं भाजपा कार्यालय में रक्तदान करेंगे।
शनिवार को राज्य के विभिन्न स्थानों पर आयोजित रक्तदान शिविरों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जुबीन गर्ग की स्मृति को सम्मान देने का प्रयास किया गया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

