मुख्यमंत्री सरमा ने कांग्रेस को बताया ‘महिला विरोधी दल’, बहिष्कार की अपील
गुवाहाटी, 27 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उसे ‘महिला विरोधी दल’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि समान अधिकार और समान सम्मान से जुड़े मुद्दों, जिसमें समान नागरिक संहिता (यूसीसी) भी शामिल है, पर कांग्रेस हमेशा बाधा डालती रही है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के बहिष्कार की भी अपील की। मुख्यमंत्री आज एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
जेन-जी और जेन-अल्फा पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे ऐसी अवधारणाओं में विश्वास नहीं करते। उन्होंने इन्हें यूरोपीय अवधारणाएं बताते हुए कहा कि भारतीय समाज में बच्चों और दादा-दादी के बीच संबंधों को अधिक महत्व दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा जैसी संस्कृति का भारतीय, विशेषकर असमिया सामाजिक-सांस्कृतिक परिवेश से कोई संबंध नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

