12 मई को हिमंत बिस्व सरमा लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ: दिलीप सैकिया
गुवाहाटी, 08 में (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा है कि आगामी 12 मई को असम के निवर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। भाजपा अध्यक्ष आज बोडोलैंड में चुनाव जीतकर आए बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के विधायकों के साथ एक बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह बैठक गठबंधन के तहत चुनाव जीते विधायकों के साथ वैचारिक आदान-प्रदान के लिए किया गया था।
सैकिया ने कहा कि शपथ ग्रहण की तैयारी व्यापक पैमाने पर की जा रही है। उन्होंने बताया कि विधायक दल द्वारा 10 मई को विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा। इससे पूर्व कल जेपी नड्डा तथा अन्य नेता गुवाहाटी पहुंचकर विधायकों के साथ बैठक करेंगे।
उल्लेखनीय के गुवाहाटी के खानापाड़ा पशु चिकित्सा महाविद्यालय खेल मैदान में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां व्यापक पैमाने पर की जा रही हैं। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई भाजपा तथा एनडीए के नेताओं के मौजूद रहने की संभावना है। शपथ ग्रहण की तैयारियों का जायजा लगातार राज्य के मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा तथा पुलिस महानिदेशक हरमीत सिंह द्वारा लिया जा रहा है। शपथ ग्रहण के लिए भव्य पंडाल का निर्माण किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

