home page

हिमंत बिस्व सरमा ने प्रधानमंत्री मोदी और राजग विधायकों का जताया आभार

 | 
हिमंत बिस्व सरमा ने प्रधानमंत्री मोदी और राजग विधायकों का जताया आभार


गुवाहाटी, 10 मई, (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री-नामित डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को भाजपा नेतृत्व और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के विधायकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें दूसरी बार राज्य की जनता की सेवा करने का अवसर मिला है, जिसके लिए वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति हृदय से कृतज्ञ हैं।

राजग विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद जारी बयान में डॉ. सरमा ने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व, विशेष रूप से गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने भाजपा, असम गण परिषद (अगप) तथा बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के नवनिर्वाचित विधायकों के प्रति भी आभार जताया, जिन्होंने उन्हें राजग विधायक दल का नेता चुनकर विकसित और सुरक्षित असम के जनादेश को पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में शुरू हुई विकास, सुशासन और शांति की यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए टीम एनडीए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। डॉ. सरमा ने कहा कि “आई असोमी” की सेवा के लिए वह सप्ताह के हर घंटे समर्पित रहेंगे और असम की पूर्ण क्षमता को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि मां कामाख्या के आशीर्वाद, जनता के प्रेम और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और विकसित असम के निर्माण की यात्रा और अधिक सशक्त रूप से आगे बढ़ेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश