मुख्यमंत्री के काफिले के लिए एंबुलेंस रोके जाने पर हिमंत बिस्व सरमा ने मांगी माफी
गुवाहाटी, 30 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को सिलचर में अपने काफिले के गुजरने के लिए एंबुलेंस रोके जाने की घटना पर मरीज और उसके परिवार से माफी मांगी। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि इस तरह एंबुलेंस को रोकना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि तत्काल चिकित्सा की जरूरत वाले मरीज की जिंदगी से ऊपर मुख्यमंत्री के काफिले को प्राथमिकता नहीं दी जा सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की आवाजाही और आपातकालीन सेवाएं मुख्यमंत्री के काफिले के कारण बाधित नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीआईपी आवाजाही से आम नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए, इस संबंध में उनके निर्देश पहले से स्पष्ट हैं। इसके बावजूद निर्देशों का पालन नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।
डॉ. सरमा ने संबंधित अधिकारियों को घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पूरे मामले की जांच के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के काफिले की आवाजाही से संबंधित सभी निर्देशों को अक्षरश: लागू किया जाएगा और उनका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

