हेरोइन की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ बरामद
कछार (असम), 03 जून, (हि.स.)। असम के कछार जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विश्वसनीय सूचना के आधार पर कलैन थाना क्षेत्र के दिगोरखाल इलाके में नाका जांच के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस द्वारा कलैन की ओर आ रहे एएस-01-ईसी-2533 पंजीकरण संख्या वाले एक टाटा ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति तथा वीडियोग्राफी के बीच की गई तलाशी में 14 साबुनदानी के भीतर छिपाकर रखे गए लगभग 170 ग्राम संदिग्ध हेरोइन, एक मोबाइल फोन तथा उक्त ट्रक को जब्त किया गया।
जब्त पदार्थ की जांच डीडीके किट से किए जाने पर उसमें हेरोइन होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने इस मामले में नतनपुर निवासी आजादुद्दीन को गिरफ्तार किया है। वह कलैन थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय काले बाजार में अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

