home page

तीन करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन ज़ब्त, मणिपुर के दो लोग गिरफ़्तार

 | 

कामरूप (असम), 25 मार्च (हि.स.)। असम में नशीले पदार्थों की तस्करी पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए असम पुलिस की स्पेशल टास्क फ़ोर्स (एसटीएफ) और कामरूप पुलिस के एक संयुक्त अभियान में अमीनगांव में हेरोइन की एक बड़ी खेप ज़ब्त की गई।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि विशिष्ट खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए, संयुक्त टीम ने बीती रात एक लक्षित अभियान के दौरान एक मारुति अर्टिगा (एएस- 01बीक्यू-5651) को रोका। वाहन की गहन तलाशी लेने पर दरवाज़ों के पैनल के अंदर चालाकी से छिपाई गई नशीली दवाएं बरामद हुईं, जिससे पता चलता है कि पकड़े जाने से बचने की एक सुनियोजित कोशिश की गई थी।

अधिकारियों ने हेरोइन से भरे 25 साबुनदानी बरामद किए, जिनका वज़न लगभग 350 ग्राम (पैकेजिंग को छोड़कर) था। ज़ब्त किए गए इस प्रतिबंधित सामान की बाज़ार में कीमत लगभग तीन रोड़ रुपये आंकी गई है।

इस मामले में पुलिस ने मणिपुर के चुराचांदपुर ज़िले के रहने वाले दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। आरोपितों की पहचान लाममिनथांग हाओकिप (29) और गिंकग्लहोलल हाओकिप (31) के रूप में की गई हैं।

इस अभियान का नेतृत्व एसटीएफ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कल्याण कुमार पाठक ने किया, जिन्होंने वाहन को रोकने और उसके बाद सामान ज़ब्त करने की पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।

अधिकारियों ने पुष्टि की है कि आरोपितों के ख़िलाफ़ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और नशीले पदार्थों की इस खेप के मूल स्थान और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसका पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय