भारी बारिश से गुवाहाटी के कई इलाके जलमग्न
गुवाहाटी, 28 मार्च (हि.स.)। शनिवार सुबह हुई तेज बारिश के चलते गुवाहाटी के कई हिस्से जलमग्न हो गए, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। अचानक हुई इस बारिश के बाद शहर के विभिन्न इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सुबह की बारिश के तुरंत बाद शहर के कई क्षेत्रों में कृत्रिम बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए। कई जगहों पर पानी घुटनों तक भर गया। सरुसजाई, चांदमारी और जोराबाट जैसे कई इलाकों में स्थिति काफी गंभीर देखी गई, जहां जलनिकासी व्यवस्था की खामियां एक बार फिर उजागर हो गईं।
सड़कों पर जलभराव और जगह-जगह फंसे वाहनों को देखा गया । स्थानीय लोगों ने बार-बार की जा रही घोषणाओं के बावजूद बुनियादी ढांचे और जल प्रबंधन की कमी पर नाराजगी जताई।
इस बीच, मौसम विज्ञान केंद्र ने कामरूप महानगर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, दिन में फिर से बारिश होने की संभावना है और हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है, क्योंकि आगामी घंटों में हालात और खराब हो सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

