मेघालय में मूसलाधार बारिश का कहर, मावसिनराम में 24 घंटे में 530 मिमी वर्षा
शिलांग, 21 जून (हि.स.)। मेघालय के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी खासी हिल्स जिले के मावसिनराम में पिछले 24 घंटों के दौरान 530 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो राज्य में सर्वाधिक रही।
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, आरकेएम सोहरा में 470 मिमी तथा मावकिरवाट में 390 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा शेला में 100 मिमी, विलियमनगर और मावरिंगकनेंग में 90-90 मिमी, जोवाई में 80 मिमी तथा बरापानी और राताछेरा में 70-70 मिमी बारिश दर्ज की गई।
लगातार हो रही बारिश के कारण भारत-बांग्लादेश सीमा के निकट दावकी को शिलांग से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, शिलांग से लगभग 35 किलोमीटर दूर लैतलिंगकोट क्षेत्र के पास सड़क का एक हिस्सा वर्षा के पानी में बह गया, जिससे दावकी की ओर सड़क संपर्क बाधित हो गया है।
हालांकि इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन मार्ग क्षतिग्रस्त होने से यातायात प्रभावित हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) के अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों ने सड़क की मरम्मत और संपर्क बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है।
राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में जारी भारी वर्षा को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

