home page

कामरूप में स्वास्थ्य सेवाओं के गुणत्तापूर्ण विकास की निरंतर पहल

 | 
कामरूप में स्वास्थ्य सेवाओं के गुणत्तापूर्ण विकास की निरंतर पहल






गुवाहाटी, 07 सितंबर (हि.स.)।

कामरूप (मेट्रो) जिले के सोनापुर खंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत कमारकुची आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सोमवार को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत बाहरी मूल्यांकन संपन्न हुआ।

इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में डिमोरिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. तपन दास ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। एनक्यूएएस के निर्धारित मानकों के अनुसार यह बाहरी मूल्यांकन विजय चंद्र झा और डॉ. मानस ज्योति कलिता द्वारा किया गया।

सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने की दिशा में एनक्यूएएस एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मानक है। सेवा प्रदान करने के स्तर, रोगी के अधिकारों, संक्रमण नियंत्रण, रोगी की सुरक्षा, साफ-सफाई और गुणवत्ता प्रबंधन जैसे विभिन्न पहलुओं के मूल्यांकन के माध्यम से एनक्यूएएस स्वास्थ्य केंद्रों में गुणवत्ता सुधार की एक सुसंगत व्यवस्था तैयार करता है।

उल्लेखनीय है कि कामरूप (मेट्रो) जिले में स्वास्थ्य केंद्रों के गुणवत्ता विकास के लिए उठाए गए निरंतर कदमों के परिणामस्वरूप अब तक 8 स्वास्थ्य केंद्र एनक्यूएएस मान्यता प्राप्त कर चुके हैं। ये स्वास्थ्य केंद्र हैं: गोटानगर नागरिक प्राथमिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर, शराबभट्ठी नागरिक प्राथमिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आदिगगिरी नागरिक प्राथमिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उलुबाड़ी नागरिक प्राथमिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर, कामाख्या राज्य आयुष्मान आरोग्य मंदिर, भेटापाड़ा राज्य आयुष्मान आरोग्य मंदिर, गाड़ीगांव राज्य आयुष्मान आरोग्य मंदिर और टोपातली आयुष्मान आरोग्य मंदिर।

इसके अलावा, गर्भवती माताओं और बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने में भी जिले ने उल्लेखनीय प्रगति की है। 'लक्ष्य' प्रसव कक्ष और मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके जरिए प्रसव के दौरान सुरक्षित और बेहतर मातृ सेवा सुनिश्चित की जाती है। वहीं, 'मुस्कान' बाल चिकित्सा सेवाओं के स्तर को उन्नत कर बच्चों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा देने की एक महत्वपूर्ण योजना है।

वर्तमान में कामरूप (मेट्र) जिले के अंतर्गत गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और सोनापुर जिला अस्पताल 'लक्ष्य' और 'मुस्कान' की मान्यता प्राप्त कर चुके हैं।

दूसरी ओर, स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण, कचरा प्रबंधन और स्वास्थ्यकर वातावरण सुनिश्चित करने में 'कायाकल्प' ने भी अहम भूमिका निभाई है। इस क्षेत्र में कामरूप (मेट्रो) जिले के कुल 69 स्वास्थ्य केंद्रों ने कायाकल्प के तहत योग्यता हासिल की है।

एनक्यूएएस, लक्ष्य, मुस्कान और कायाकल्प जैसे स्वास्थ्य सेवा संबंधी ये विभिन्न गुणवत्ता प्रमाणन, कामरूप महानगर जिले में मानक-आधारित, सुरक्षित, स्वच्छ और रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में विशेष योगदान दे रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर