जापानी एन्सेफलाइटिस के खिलाफ युद्धस्तर पर तैयारी का मंत्री सिंघल ने दिए निर्देश
गुवाहाटी, 06 जुलाई (हि.स.)। असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जापानी एन्सेफलाइटिस (जेई) एवं जेई जैसे रोगों की वर्तमान स्थिति, रोकथाम एवं उपचार संबंधी उपायों के साथ-साथ टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन तथा संबंधित सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि आम जनता को समयबद्ध और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभागों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी और समय पर क्रियान्वयन के भी निर्देश दिए।
जापानी एन्सेफलाइटिस की रोकथाम के लिए सिंघल ने समय रहते रोग की पहचान, बुखार के मरीजों की निगरानी, मच्छरदानी के उपयोग को बढ़ावा देने, निजी अस्पतालों के साथ सूचना एवं उपचार समन्वय मजबूत करने, नियमित फॉगिंग कराने तथा जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही टीबी उन्मूलन अभियान में अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन वाले जिलों को रोगियों की पहचान, उपचार और सरकारी सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए अधिक सक्रियता से कार्य करने को कहा। बैठक में निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को समय पर पोषण सहायता उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में सभी जिला आयुक्त, स्वायत्त परिषदों के मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सा महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक के अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने सभी जिलों को जापानी एन्सेफलाइटिस नियंत्रण, टीबी उन्मूलन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सभी कदम उठाने के निर्देश दिए।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

