ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर, स्वास्थ्य मंत्री ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
गुवाहाटी, 26 जुलाई (हि.स.)। असम के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अशोक सिंघल ने सोमवार को दिसपुर में डिब्रूगढ़ और गोलाघाट जिलों की स्वास्थ्य व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य के सभी 126 विधानसभा क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।
बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा अवसंरचना के विकास, निःशुल्क डायलिसिस सेवा के विस्तार तथा 108 एम्बुलेंस सेवा को अधिक प्रभावी और त्वरित बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही 'टीबी मुक्त भारत' अभियान की प्रगति, मरीजों की पहचान और उपचार व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने जनप्रतिनिधियों से स्वास्थ्य क्लब, मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू), राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) तथा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने विद्यालयों और समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, दूरदराज के क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने, बच्चों में जन्मजात बीमारियों की समय पर पहचान तथा किशोरों में पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता और नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया।
बैठक में मंत्री अतुल बोरा, मंत्री रामेश्वर तेली तथा विधायक बिनोद हजारिका, चक्रधर गोगोई, मृदुल कुमार दत्ता, मृणाल सैकिया और विश्वजीत फुकन ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े स्वास्थ्य संबंधी मुद्दे उठाए और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सुझाव दिए।
बैठक में चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. मनोज कुमार चौधरी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (असम) के कार्यकारी निदेशक डॉ. अभिजीत शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने अधिकारियों को प्राथमिकता वाली स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों सहित सभी नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

