स्वस्थ असम के लक्ष्य के साथ अशोक सिंघल ने की जीएमसीएच में व्यापक समीक्षा
गुवाहाटी, 17 जून, (हि.स.)। असम के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अशोक सिंघल ने बुधवार को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) का व्यापक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, रोगी सुविधा व्यवस्था और आधारभूत संरचना की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘स्वस्थ असम’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी), सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल तथा मातृ एवं शिशु अस्पताल सहित विभिन्न महत्वपूर्ण इकाइयों का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल में स्थापित अत्याधुनिक सीटीजी मशीन की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया, जिसके माध्यम से गर्भवती महिलाओं और गर्भस्थ शिशुओं के स्वास्थ्य की निगरानी की जाती है। इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार, उपलब्ध सुविधाओं और अस्पताल के समग्र वातावरण को लेकर उनकी राय भी जानी।
इसके बाद विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ चिकित्सकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों की संख्या, चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता तथा आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए कई सुझाव भी सामने आए।
बैठक को संबोधित करते हुए अशोक सिंघल ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि स्वास्थ्यकर्मी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और सेवा भाव के साथ कार्य करें तो मरीजों को बेहतर लाभ मिलेगा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर जनता का विश्वास और मजबूत होगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जीएमसीएच केवल असम ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए भरोसे का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार आधुनिक सुविधाओं, बेहतर आधारभूत संरचना और जनोन्मुखी सेवाओं के माध्यम से इस संस्थान को और मजबूत बनाने के लिए हर संभव सहयोग देती रहेगी।
निरीक्षण एवं समीक्षा कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. पी अशोक बाबू, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. सिद्धार्थ सिंह, जीएमसीएच के प्रधानाचार्य एवं मुख्य अधीक्षक डॉ. अच्युत कुमार वैश्य, चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. मनोज कुमार चौधरी, जीएमसीएच अधीक्षक डॉ. देबजीत चौधरी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ चिकित्सक और अधिकारी उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

