home page

स्वास्थ्य मंत्री ने किया विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण, की नीट परीक्षा तैयारियों की समीक्षा

 | 
स्वास्थ्य मंत्री ने किया विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण, की नीट परीक्षा तैयारियों की समीक्षा


गुवाहाटी, 20 जून (हि.स.)। असम के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अशोक सिंघल ने शनिवार को राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सशक्त, आधुनिक और जनमुखी बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य सेवा निदेशालय, स्वास्थ्य सेवा निदेशालय (परिवार कल्याण), राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) असम तथा चिकित्सा शिक्षा निदेशालय के कार्यालयों का दौरा कर विभिन्न विकासात्मक योजनाओं और चल रही परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विचार-विमर्श किया तथा स्वास्थ्य क्षेत्र के समग्र विकास, सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और आम जनता तक अधिक प्रभावी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य सेवा निदेशालय के कार्यालय के साथ-साथ हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया।

रविवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के मद्देनजर मंत्री ने चिकित्सा शिक्षा निदेशालय के नियंत्रण कक्ष में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा की पारदर्शिता, सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए।

इसके बाद मंत्री ने चिकित्सा शिक्षा निदेशालय परिसर के निकट निर्माणाधीन ‘स्वास्थ्य भवन’ के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया।

स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा स्वस्थ जीवनशैली एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने, रोगों की शीघ्र पहचान, स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा स्वास्थ्य व्यवस्था के पूर्ण डिजिटलीकरण जैसे पांच प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि ‘हेल्थ क्लब’ जैसी पहलें स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होंगी।

उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में जापानी इंसेफेलाइटिस की स्थिति नियंत्रण में है तथा लोगों से किसी प्रकार की अफवाह या भय से बचने की अपील की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश