कोकराझार में बुजुर्गों के लिए एकीकृत स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
कोकराझार (असम), 25 सितम्बर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत कोकराझार जिले के बांगालडोबा, नायकगांव स्थित जीबीएस ओल्ड एज होम में शुक्रवार को बुजुर्ग निवासियों के लिए एकीकृत स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुष्ठ रोग, तपेदिक (टीबी), मानसिक स्वास्थ्य तथा एक्स-रे सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
जिला प्रशासन, कोकराझार द्वारा स्वास्थ्य विभाग तथा सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य वृद्धजनों तक सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की प्रारंभिक स्तर पर पहचान करना था।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक, जिला टीबी अधिकारी, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी, डीएमसी, डीएचईडब्ल्यू सहित चिकित्सा दल के सदस्य उपस्थित रहे। चिकित्सा टीम ने ओल्ड एज होम के निवासियों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं एवं परामर्श प्रदान किए।
अभियान के तहत आयोजित इस प्रकार के एकीकृत स्वास्थ्य शिविर से बुजुर्गों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, रोगों की समय रहते पहचान तथा आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने में सहायता मिलने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

