home page

गुवाहाटी में शातिर साइबर ठग गिरफ्तार, खाते में फ्रीज मिले 1.52 करोड़ रुपये

 | 
गुवाहाटी में शातिर साइबर ठग गिरफ्तार, खाते में फ्रीज मिले 1.52 करोड़ रुपये


गुवाहाटी, 02 जून (हि.स.)। साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए असम पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के साइबर पुलिस स्टेशन ने एक सक्रिय म्यूल बैंक खाते का संचालन करने वाले शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर सीआईडी साइबर थाना में स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया था।

असम पुलिस मुख्यालय द्वारा आज दी गयी जानकारी के अनुसार जांच के दौरान पता चला कि एचडीएफसी बैंक का एक म्यूल खाता अमित कुमार बेरिया द्वारा संचालित किया जा रहा था। पिछले तीन से चार महीनों में इस खाते के माध्यम से बड़े पैमाने पर वित्तीय लेन-देन किए गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि खाते में मौजूद 1.52 करोड़ रुपये महाराष्ट्र और उड़ीसा में दर्ज तीन डिजिटल अरेस्ट मामलों तथा तेलंगाना में दर्ज एक ऑनलाइन धोखाधड़ी मामले से जुड़े होने के कारण फ्रीज किए गए हैं।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां इस साइबर धोखाधड़ी से जुड़े व्यापक नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं। असम पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी की जानकारी संबंधित राज्यों की पुलिस एजेंसियों को भी औपचारिक रूप से भेज दी है।

सीआईडी के अनुसार, यह कार्रवाई वित्तीय साइबर अपराधों के विरुद्ध खुफिया सूचना आधारित पुलिसिंग की प्रभावशीलता को दर्शाती है। असम पुलिस ने दोहराया है कि साइबर अपराध के सभी रूपों के खिलाफ उसका अभियान लगातार जारी रहेगा।

साइबर अपराध शाखा ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग विवरण या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति स्वयं को अधिकारी बताकर “डिजिटल अरेस्ट” की बात करता है, तो उसे संभावित साइबर ठगी मानकर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश