home page

हर घर तिरंगा अभियान के तहत संयुक्त तिरंगा रैली निकाली

 | 
हर घर तिरंगा अभियान के तहत संयुक्त तिरंगा रैली निकाली


होजाई (असम), 14 अगस्त (हि.स.)। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को असम पुलिस, वन विभाग एवं सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) प्रथम वाहिनी सोनापुर की “जी” समवाय, होजाई के संयुक्त तत्वावधान में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली पुलिस स्टेशन होजाई से शुरू होकर होजाई खेल स्टेडियम तक निकाली गई।

कार्यक्रम में होजाई जिला कमिश्नर संजोय दत्ता (एसीएस), पुलिस अधीक्षक निरुपम हजारिका (एपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) वैभव रावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (हेडक्वार्टर) रूपम बोरदोलोई, डीएसपी भाषवती चौधरी, विभिन्न पुलिस थानों के प्रभारी, सशस्त्र सीमा बल प्रथम वाहिनी “जी” समवाय प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार मीणा, वन विभाग के रेंजर नयन ज्योति राजवंशी सहित पुलिस, एसएसबी, वन विभाग एवं अन्य सहायक एजेंसियों के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली के दौरान जवानों एवं उपस्थित लोगों ने तिरंगा हाथों में लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया। पूरे मार्ग में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूकता फैलाते हुए नागरिकों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने एवं अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया। संयुक्त तिरंगा रैली ने सुरक्षा बलों, पुलिस, वन विभाग एवं आम नागरिकों के बीच आपसी समन्वय और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय